मथुरा। आगरा-दिल्ली हाईवे पर अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हाईवे पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए दुर्घटना करने वाले दो वाहनों को कब्जे में लिया है। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम भी लग गया।
मोतीकुंज निवासी अशोक कुमार मीणा (48) पुत्र हरिराम डाकघर में डाक निरीक्षक थे। शुक्रवार की रात 10:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। जयगुरुदेव फ्लाईओवर के पास पहुंचे तभी कार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान डाक निरीक्षक की मौत हो गई। दूसरा हादसा शनिवार की सुबह 8:30 बजे नरहौली चौराहे के पास हुआ। ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल हो गए। दोनों को हाईवे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर चिकित्सकों ने शकुंतला (45) पत्नी राजेंद्र निवासी संजय नगर, मथुरागेट को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजेंद्र का इलाज चल रहा है।
मृतका के भतीजे विष्णु शर्मा ने बताया कि उनकी चाची कुंभ नहाने के लिए चाचा के संग बाइक से जा रही थीं। एक अन्य सड़क हादसे में शनिवार की दोपहर एक बजे उमा मोटर्स के पास बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी सवार दंपती घायल हो गए। दंपती को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। सरिता देवी (42) पत्नी विक्रम निवासी कुरकंदा ने दम तोड़ दिया। चालक बस को छोड़कर भाग खड़ा हुआ। इसके कारण हाईवे की एक साइड करीब पौन घंटे तक जाम रही। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सड़क हादसों के मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं।