टैंटीगांव (मथुरा)। सुरीर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे पर कार सवार बदमाशों ने एक युवक को चाकू मार कर घायल कर दिया और नकदी छीन कर भाग गए। जानकारी पर पहुंचे परिजन उसे अस्पताल लेकर गए।
सूरज सिंह निवासी बैकुंठपुर बल्लभगढ़ हरियाणा स्थित एक कंपनी में काम करता है। शनिवार को बल्लभगढ़ से बस से वह अपने घर जा रहा था।
यमुना एक्सप्रेस वे के टप्पल कट पर शाम छह बजे उतरने के बाद वह गांव जाने के लिए यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी एक इनोवा कार आकर रुकी। इसमें पहले से पांच लोग सवार थे। सूरज इनोवा कार में गांव जाने के लिए बैठ गया।
यमुना एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 87 गांव बैकुंठपुर पर युवक ने उतरने के लिए कार रुकवाई। कार से उतरने के बाद जब कार चालक को अपने पर्स से किराए के 50 रुपए निकाल कर दिए तो पर्स में रुपए देख चालक के पास बैठा युवक उतर कर आया और पर्स छीनने लगा। विरोध करने पर चाकू से प्रहार कर घायल कर दिया। पर्स छीन कर कार लेकर आगरा की ओर भाग गए। घायल सूरज ने यमुना एक्सप्रेस वे से किसी तरह परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों घायल सूरज को टैंटीगांव में चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है।