राधाकुंड/गोवर्धन (मथुरा)। गांव जुल्हेंदी में बुधवार रात एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में घायल युवक की शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने मृतक के शव को मथुरा सिटी अस्पताल के सामने रख गोवर्धन पुलिस के खिलाफ हंगामा काटा। परिजनों का आरोप था कि झगड़े के बाद थाना पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए पत्र देने में देरी की। समय से उपचार न मिलने के कारण युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
गांव जुल्हेंदी में बुधवार देर रात एक ही परिवार के कैलाश व शिशुपाल पक्ष के बीच लाठी-डंडे चले थे। कैलाश पक्ष से अनीता पत्नी प्रताप, सोनू, दीपक पुत्रगण कैलाश, शेर सिंह पुत्र प्रहलाद घायल हो गए थे। दूसरे पक्ष से शिशुपाल, किशन, अनतो, बच्चू घायल हुए थे। शनिवार को शेर सिंह (35) की मौत हो गई।
पुलिस पर घायलों को लॉकअप में बंद करने का आरोप
मृतक शेर सिंह के पिता प्रह्लाद का कहना था कि पुलिस ने उसके घायल पुत्रों को उपचार कराने की बजाय, लॉकअप में डाल दिया था। काफी देर तक वे लॉकअप में बंद रहे। समय से उपचार मिलता तो उसके पुत्र की जान बच सकती थी। आरोपियों को थाने से छोड़ दिया है।
पीड़ित परिवार की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने किसी आरोपी को थाने से छोड़ा है तो जांचकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-श्रीश्चंद्र, एसपी ग्रामीण।