बरसाना। विशेष सुरक्षा में तैनात सिपाही की एक्सीडेंट में मौत के बाद चोर घर में घुसकर एक लैपटॉप एवं मोबाइल चोरी कर ले गए। पुलिस ने घटना का खुलासा करने के लिए तीन नशेबाजों को हिरासत में लिया है।
ज्ञात रहे चार दिन पहले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लखनऊ में पुलिस विभाग में विशेष सुरक्षा में तैनात बरसाना निवासी सिपाही दिनेश चंद श्रोत्रिय की बाइक डिवाइडर से टकरा जाने से मौत हो गई थी। परिजन शोक में डूबे हुए रात में सो रहे थे।
रात तीन बजे चोर मकान में घुस गए और तीसरी मंजिल पर कमरे में रखी आलमारियों को खंगाला। उसमें रखे एक लैपटॉप एवं मोबाइल के साथ अन्य सामान को ले गए। रात में मृतक की पुत्री के जागने पर घटना की जानकारी हुई। प्रभारी निरीक्षक आजाद पाल ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद कस्बे के तीन नशेबाज युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। संवाद