मथुरा। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में 17 से 20 सितंबर तक उन्नाव में प्रदेशीय समन्वय जूनियर बालक-बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें आगरा मंडल की टीम भी प्रतिभाग करेगी। इसके लिए मथुरा के खिलाड़ियों का जिला स्तरीय ट्रायल 12 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
उप जिला क्रीड़ा अधिकारी आजाद सिंह ने बताया कि स्टेडियम में होने वाले ट्रायल में जूनियर बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चयन प्रक्रिया शाम तीन बजे से शुरू होगी। ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जिसके बाद चयनित खिलाड़ी आगरा में होने वाले मंडलीय स्तरीय चयन में मथुरा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आगरा मंडल की टीम के चयन के लिए मंडलीय स्तरीय ट्रायल 13 सितंबर को सुबह 11 बजे आगरा में आयोजित किया जाएगा। मंडलीय चयन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेशीय समन्वय जूनियर बालक-बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता में आगरा मंडल की टीम से खेलने का अवसर मिलेगा। चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि और समय पर स्व. मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, गणेशरा पहुंचना होगा। खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य है।