मथुरा। केआर डिग्री कॉलेज में बीए, बीएससी और बीकॉम की सीटें न बढ़ाए से आक्रोशित राष्ट्रीय छात्र लोकदल के पदाधिकारी शनिवार को गेट का ताला लगाकर धरने पर बैठ गए। कॉलेज के गेट पर धरने की सूचना पर कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्राचार्य के धरनास्थल पर पहुंचकर छात्र नेताओं को विवि को पत्र लिखकर सीट बढ़ाने का आश्वासन देने पर धरना खत्म हो सका।
राष्ट्रीय छात्र लोकदल के ब्रजप्रांत अध्यक्ष विश्वेंद्र चौधरी के नेतृत्व में एक सप्ताह पहले कॉलेज प्राचार्य का घेराव करते हुए सीटें बढ़ाने की मांग की थी। एक सप्ताह का अल्टीमेटम देने के बाद सीटें नहीं बढ़ाई गईं तो शनिवार को पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के गेट पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया।
विश्वेंद्र ने संबोधन में कहा कि सीटें नहीं बढ़ाई गईं तो अभी केवल धरना दिया जा रहा है। जल्द ही राष्ट्रीय छात्र लोकदल कॉलेज प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी। प्राचार्य प्रवीन अग्रवाल ने छात्र लोकदल के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि विवि को सीटें बढ़ाने के लिए पत्र लिखकर भेज रहे हैं।
धरना देने वालों में जिलाध्यक्ष आकाश चौधरी, महासचिव सौरभ चौधरी, आजाद, हरवीर नहरवार, अश्विनी चौधरी, रोहित नौहवार, जितेंद्र फौजदार, दिगंबर शर्मा, विष्णु चौधरी, महावीर सिंह, सुशील चौधरी, भानु पंडित शामिल रहे।