मथुरा। सप्ताहांत कर्फ्यू के दूसरे दिन रविवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर राजीव उपाध्याय ने टीम के साथ होली गेट, पुराना रोडवेज बस स्टैंड, भरतपुर गेट, डीग गेट, भूतेश्वर चौराहा, मंडी समिति आदि बाजारों का भ्रमण किया। पुराना रोडवेज बस स्टैंड पर खुली मिली लगभग 8 दुकानों को लेकर होली गेट चौकी इंचार्ज को लॉकडाउन के नियमों का प्रभावी अनुपालन किए जाने के निर्देश दिए गए।
डिप्टी कलेक्टर ने इन बाजारों में रुककर लोगों द्वारा मास्क पहनने व सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करने की स्थिति को विशेष रूप से परखा। मास्क बिना पहने निकलने वाले व्यक्तियों पर निर्धारित जुर्माना आरोपित कराया गया। बिना किसी अपरिहार्य कारण के फर्राटा भरते वाहनों के वैध कागजात का परीक्षण कराकर चालान कराए गए। मंडी समिति में जानबूझकर खोले गए कन्हैया किराना स्टोर पर प्रभावी कार्रवाई कराते हुए प्रभारी निरीक्षक, थाना हाईवे को बुलाकर अभियोग पंजीकृत कराकर दुकान स्वामी को जेल भिजवा दिया गया।
मथुरा जनपद में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन नियमों का पालन प्रत्येक परिस्थिति में सुनिश्चित कराया जाएगा। डिप्टी कलेक्टर ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वह सप्ताहांत कर्फ्यू में अनावश्यक रूप से घरों के बाहर न निकलें। यदि अपरिहार्य परिस्थितिवश बाहर जाना आवश्यक हो तो मास्क अनिवार्य रूप से पहनें तथा अपने वाहन के वैध कागजात लेकर बाहर जाएं. अन्यथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।