मथुरा। शेरगढ़ क्षेत्र के गांव स्यारा में 31 मई को महारानी राजमाता अहिल्याबाई होलकर की शोभायात्रा पर पथराव और छतों पर हथियारों के प्रदर्शन की घटना को लेकर धनगर समाज में आक्रोश है।
धनगर समाज के लोगों ने इस मामले में एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए महापुरुषों का अपमान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले को लेकर एसएसपी से मिले धनगर समाज के सतीश बघेल, रणवीर सिंह धनगर, हरिओम सिंह धनगर, राधेलाल धनगर, डॉ. रमेश चंद धनगर आदि ने बताया कि अहिल्याबाई होलकर की जयंती पर देश भर में शोभायात्रा और कार्यक्रम आयोजित किए हैं।
अहिल्याबाई होलकर का उल्लेख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी विश्वनाथ मंदिर निर्माण में किया था। उसी की जयंती पर शोभायात्रा पर गांव स्यारा में पथराव किया गया है। छतों पर दबंगों ने हथियारों का प्रदर्शन किया। इसमें धनगर समाज के लोग घायल चुटैल हुए। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व गांव में महाराणा प्रताप की जयंती पर शोभायात्रा निकाली गई। धनगर समाज ने स्वागत किया लेकिन महारानी अहिल्याबाई होलकर की शोभायात्रा में अवरोध पैदा किया है।
घटना की निष्पक्ष जांच कराने एवं बंदूक लहराकर दहशत पैदा करने वाले दोषियों को गिरफ्तार कर गांव में शांति बहाल करने का अनुरोध किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने शीघ्र ही उचित कार्रवाई कर शांति बहाल कराने का आश्वासन दिया है।