मथुरा। मुड़लिया में पुलिस पर हमले का मुख्य आरोपी सोनू अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है। लगातार नौहझील पुलिस मुख्य आरोपी समेत नौ नामजद हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नौहझील पुलिस ने रविवार को अलीगढ़ में दबिश दी। पुलिस दावा कर रही है जल्द ही पकड़ा जाएगा।
गत 20 अप्रैल को नौहझील के गांव मुड़लिया में पुलिस पर जानलेवा हमला हुआ था। हमले में एसएचओ समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 20 नामजद समेत 200 अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। नौहझील पुलिस और एसओजी रालोद नेता योगेश नौहवार समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।
आरोपी अब भूमिगत हो गए हैं। नौहझील पुलिस मुख्य आरोपी सोनू प्रधान समेत नौ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही है। रविवार को नौहझील के प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी और एसओजी प्रभारी धीरज गौतम टीम के साथ अलीगढ़ पहुंचे। पुलिस को यह सूचना लगी थी कि मुख्य आरोपी अलीगढ़ में शरण लिए है। हालांकि हत्थे तो नहीं चढ़ा, पर पुलिस पूरी तरह से निश्चित है कि जल्द ही मुख्य आरोपी समेत नौ नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।