नौहझील (मथुरा)। मां से झगड़े के बाद पुत्र ने शनिवार सुबह फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नौहझील थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर रोड स्थित टोली मोहल्ला निवासी आस मोहम्मद (30) शराब पीने का आदी था। पिछले तीन-चार दिन से टोकने पर मां से झगड़ा कर रहा था।
शुक्रवार की रात दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई। इसके बाद बेटा घर से निकल गया। घर के आंगन में लगे पेड़ से लटककर आस मोहम्मद ने आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह 7:40 बजे पड़ोसी असलम पहलवान ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कस्बा इंचार्ज पुष्पेंद्र ने बताया कि ग्रामीणों की सहायता से शव को फंदे से उतारा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।