शंकर गली के समीप रोड पर टूटा बिजली का खंभा।
- फोटो : VRINDAVAN
मथुरा। एक बार फिर बारिश बिजली पर भारी पड़ गई। वात्सल्य हॉस्पिटल के पीछे केबल बॉक्स फुंक जाने से छह घंटे आकाशवाणी बिजलीघर ठप हो गया तो कैंट पर बीसीबी फुंक जाने से जवाहरहाट फीडर की चार घंटे बिजली गुल हो गई। बिजली न मिलने से लोगों की दिनचर्या बिगड़ गई। इससे लोग पानी को भी तरस गए। दोपहर बाद ही विद्युत आपूर्ति दुरुस्त होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
मथुरा-वृंदावन रोड पर वात्सल्य हॉस्पिटल के पीछे सोमवार की सुबह ९ बजे अचानक केबल बॉक्स फुंक गया। काफी देर तक बिजली न मिलने पर लोगों ने विद्युत निगम के अफसरों को फोन लगाए। उसके बाद विद्युत निगम की टीम ने काफी मशक्कत के बाद केबल बॉक्स को दुरुस्त करके आपूर्ति सुचारु की। ३३ केवी की लाइन पर लगे इस बॉक्स के कारण आकाशवाणी बिजलीघर के पांचों फीडर पूरी तरह से बंद रहे। बिजली न मिलने से लोग भी काफी परेशान रहे।
एसडीओ मसानी विकास शर्मा ने बताया कि केबल बॉक्स को दुरुस्त करने में समय लगा। बावजूद दोपहर दो बजे बाद आपूर्ति को दुरुस्त कर दिया गया था। उधर, कैंट बिजलीघर पर जवाहर हाट फीडर की बीसीबी फुंक गई। इसके चलते करीब १५०० उपभोक्ताओं को करीब ४ घंटे तक बिजली नहीं मिल सकी। विद्युत निगम की टीम ने बीसीबी को दुरुस्त करके आपूर्ति सुचारु की। एसडीओ कैंट गौरव गुप्ता ने बताया कि बीसीबी फुंकने से जवाहर हाट फीडर की आपूर्ति बंद रही। समय रहते उसे सही करके आपूर्ति सुचारु कर ली गई।
विद्युत पोल गिरने से आपूर्ति रही बाधित
शहर के भरतपुरगेट की शंकर गली के पास विद्युत पोल गिर जाने से आपूर्ति ध्वस्त हो गई। आखिरकार विद्युत निगम की टीम ने गिरे पोल को हटाकर आपूर्ति दुरुस्त की। एसडीओ कैंट गौरव गुप्ता ने बताया कि पोल से आपूर्ति का कोई लेना देना नहीं है। अंडरग्राउंड बिजली पूरे समय उपलब्ध रही। यह पोल इमरजेंसी में सप्लाई देने के लिए था।