मथुरा। जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव हारने की गाज रालोद जिलाध्यक्ष रामरसपाल सिंह पौनियां और ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष बदन सिंह पर गिर गई है। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने दोनों को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए नया जिलाध्यक्ष बाबूलाल और छाता के पूर्व चेयरमैन जगपाल सिंह को ब्रजक्षेत्र का अध्यक्ष घोषित कर दिया है।
जिला पंचायत के चुनाव में आठ ही सदस्य जीत सकी रालोद आखिर में जिला पंचायत का अध्यक्ष का चुनाव भी हार गई। जिला पंचायत अध्यक्ष के उम्मीदवार राजेंद्र सिंह सिकरवार को केवल 11 सदस्यों का ही समर्थन मिल सका। इस हार की गाज रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने जिलाध्यक्ष रामरसपाल सिंह पौनियां और ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष बदन सिंह भी गिराई है।
रालोद प्रदेश उपाध्यक्ष कुंवर नरेंद्र सिंह ने बताया कि रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने जिलाध्यक्ष और ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष का हटा दिया है। इनके स्थान पर नए जिलाध्यक्ष और ब्रजक्षेत्र का अध्यक्ष बनाया है। बताया कि हर हाल में जिला पंचायत के करीब 18 सदस्य रालोद के जीतकर आते, पर ऐसा नहीं हो सका। इसके लिए जिलाध्यक्ष को ही जिम्मेदार माना गया है। कई ऐसे वार्डों में सदस्य रालोद के लड़ाए गए, पर उसके विरोध में अपने ही कार्यकर्ता चुनाव लड़े। इसका नुकसान रालोद को झेलना पड़ा।
भाजपा जीत सकती तो रालोद क्यों नहीं
पार्टी हाईकमान ने स्थानीय इकाई से पूछा कि भाजपा और रालोद के 8-8 सदस्य थे। भाजपा जीत सकती है तो रालोद क्यों नहीं। स्थानीय इकाई ने मन से चुनाव नहीं लड़ा और आपस में ही फूट पड़ने का फायदा भाजपा को मिला।