गोवर्धन (मथुरा)। पिछले कई दिन से ठाकुर समाज की श्मशान भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों की पहल पर हरकत में आए प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में श्मशान भूमि से अवैध कब्जों को हटवा कर पैमाइश करा कर जमीन नगर पंचायत के सुपुर्द कर दी।
बीते कुछ दिनों से कस्बा के ठाकुर समाज की श्मशान भूमि को लेकर विवाद गहरा रहा था। समाज के लोग श्मशान को आरक्षित भूमि महदार कुंड पर बनाने को अडिग थे, वहीं उक्त भूमि पर कुछ लोग विरोध कर अवैध कब्जा जमाए थे। नगर पंचायत सभासद मौनू सिंह सहित खन्नो ठाकुर, मन्नू सिंह, जवाहर सिंह, श्याम सुंदर शास्त्री, रगन ठाकुर, भारत सिंह, पवन ठाकुर, मुकेश ठाकुर आदि ने श्मशान से अवैध कब्जे हटवा कर पैमाइश कराकर सौंदर्यीकरण कराने की मांग एसडीएम राहुल यादव से की थी।
एसडीएम के निर्देश पर छह सदस्यीय राजस्व टीम ने पुलिस के सहयोग से श्मशान भूमि की पैमाइश कर नगर पंचायत की जेसीबी से अवैध कब्जों को तोड़ कर भूमि नगर पंचायत के सुपुर्द कर दी। राजस्व टीम में बृजभूषण अवस्थी, राजवीर सिंह, श्याम सुंदर कौशिक, गौरी शंकर, पवन कुमार ने बताया कि श्मशान भूमि की पैमाइश कर अतिक्रमण ध्वस्त करा कर जमीन नगर पंचायत के सुपुर्द कर दी है। नगर पंचायत अध्यक्ष खेम चंद शर्मा ने बताया कि श्मशान के विकास के लिए 28 लाख रुपये शासन से स्वीकृत हुए हैं। नगर पंचायत द्वारा श्मशान का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।