मथुरा। राधेश्याम कॉलोनी स्थित फैक्टरी से हुई लूट के मामले की पूर्व सीओ और गोविंद नगर थानाध्यक्ष व बिरला मंदिर चौकी इंचार्ज सहित १५ के खिलाफ सीजेएम न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
यह रिपोर्ट कच्ची सड़क निवासी फैक्ट्री मालिक सुभाष चंद्र रुहेला ने कराई है। फैक्टरी मालिक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उसे १३ जुलाई २०१७ की सुबह सूचना मिली कि कुछ लोग उसकी फैक्टरी से सामान लूट कर ले जा रहे हैं। जिसकी सूचना उसने १०० नंबर पर दी।
थाना गोविंद नगर पुलिस ने अभियुक्तों को पकड़ा भी, लेकिन पुलिस ने सभी को छोड़ दिया। उसने सीओ, थानाध्यक्ष गोविंद नगर तथा बिरला मंदिर चौकी इंचार्ज पर अभियुक्तों से मिलीभगत का आरोप लगाया है।
रिपोर्ट में संजय भारद्वाज, मोहन भारद्वाज, सुशीला निवासीगण बीएसए कॉलेज के पीछे अग्रसेन नगर, सलीम जयसिंहपुरा, सुलेमान, कदीर कुरैशी मोहन, चंद्रभान, रामवती आशानगर कॉलोनी जयसिंह पुरा, उमेश हरी सिंह, जावेद के अलावा पूर्व सीओ सिटी विजय शंकर मिश्र, गोविंद नगर थानाध्यक्ष बैजनाथ, बिरला मंदिर चौकी इंचार्ज जय सिंह राणा के खिलाफ थाना गोविंद नगर में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश से रिपोर्ट दर्ज हुई है।