मथुरा। पुलिस द्वारा पकड़ी गई स्कॉर्पियो, जिसमें रखे थे रसगुल्ले।
- फोटो : MATHURA
राया (मथुरा)। एक तरफ प्रशासन त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव निष्पक्ष कराने के लिए गांव-गांव मतदाताओं से किसी प्रकार के प्रलोभन में न आने की अपील कर रहा है, दूसरी तरफ प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। अलीगढ़ के एक प्रत्याशी के नामांकन की दावत में बंटने जा रहे रसगुल्ले और महावन के खीरमोहन पुलिस ने पकड़ लिए। चालक के खिलाफ थाना राया में मुकदमा दर्ज कराया है।
बलदेव रोड पर प्रभारी निरीक्षक उत्तम चंद पटेल मयफोर्स के चेकिंग कर रहे थे। तभी नगला पीता के निकट स्कॉर्पियो को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पता चला कि कार के अंदर रखे ड्रमों में रसगुल्ले और महावन के खीरमोहन भरे हैं। पूछने पर चालक ने बताया कि अलीगढ़ में एक प्रत्याशी के नामांकन में लोगों को बंटने के लिए जा रहे हैं। पुलिस ने चालक नीरज निवासी डांकौली थाना गौड़ा अलीगढ़ को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़ी गई मिठाई को नष्ट कराया है।