टैंटीगांव (मथुरा)। गांव परसोती गढ़ी में रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े करने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। पुलिस के सामने दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकते रहे। पुलिस ने पथराव कर रहे दोनों पक्षों के 21 लोगों के खिलाफ नामजद तथा 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नामजद 21 लोगों को गिरफ्तार कर चालान किया है।
गांव परसोती गढ़ी में बुधवार की रात 9 बजे रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजित वर्मा मौके पर पहुंचे तो रास्ते में 150 से अधिक आचार संहिता तथा कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। दोनों पक्षों के लोग पथराव कर रहे थे। पुलिस ने समझाने का काफी प्रयास किया, मगर वे नहीं माने और पथराव जारी रखा।
सुरीर, मांट, नौहझील आदि सर्किल की फोर्स गांव पहुंच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर 21 लोगों को हिरासत में ले लिया। 100 से 150 लोग अंधेरे का फायदा उठा कर भाग गए। पुलिस ने एक पक्ष के बलराम, राजवीर, कृष्ण कुमार, दौलतराम, मुकेश, सुनील, निवासीगण परसोती गढ़ी तथा दूसरे पक्ष के जगदीश, बुत्तन, राजकुमार, रामकिशोर, योगेश, पुष्पेंद्र, प्रेम चंद, लक्षण, मोनू, कृपाल, भोवन, कन्हैया, नरेंद्र निवासीगण परसोती गढ़ी, कमल निवासी दलौता थाना शेरगढ़, लखन निवासी गोवर्धन चौराहा थाना हाईवे को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजित वर्मा ने बताया है कि 21 नामजद लोगों को गिरफ्तार कर चालान किया है। अज्ञात लोगों की तलाश की जा रही है।