मथुरा। नकली सोने के जेवरात गिरवी रखकर बैंकों से २.८० करोड़ रुपये हड़पने वाले फरार १६ जालसाजों को पकड़ने के लिए कोतवाली पुलिस दबिशें दे रही है। हालांकि अभी तक फरार पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। इस मामले में मास्टरमाइंड समेत चार जालसाजों को जेल भेज चुकी है।
शहर की चार बैंक केनरा और एसबीआई की दो-दो शाखाओं से नकली सोने के जेवरात गिरवी रखकर २.८० करोड़ रुपये का चूना लगाने वाले मास्टरमाइंड राजेश अग्रवाल, उनकी बेटी श्रेया अग्रवाल निवासीगण गऊघाट, देव टंच के नौकर धर्मेंद्र सोनी उर्फ तोती निवासी तमोली धर्मशाला के पास और सुहेल निवासी घीयामंडी को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था।
इसके अलावा फरार हेमेंद्र प्रकाश वर्मा निवासी हीरा मार्केट सेठबाड़ा, नरेंद्र निवासी घाटी बहालराय, सतीश, सीताराम, रेनू, लता, विपिन कुमार, मीना, पुष्पा, गीतम और माया निवासीगण गढ़ाया लतीफपुर फरह, भूपेंद्र शर्मा निवासी गऊघाट, नरेश निवासी नगला छत्ती, हेमा निवासी बाढ़पुरा सैनी चौपाल, सुशील निवासी सरवनपुरा द्वारिकाधीश मंदिर के पीछे, शिशुपाल निवासी गढ़ाया की तलाश में कोतवाली पुलिस दबिश दे रही है।
हालांकि कोई भी जालसाज हत्थे नहीं चढ़ सका है। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही फरार जालसाज पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पुलिस की टीमें लगातार दबिश देकर उनकी तलाश कर रही है।