मथुरा। गांव-गांव पौधों को संरक्षित करने के लिए ट्री गार्ड तैयार कराए जा रहे हैं। प्रत्येक गांव में ट्री गार्ड में पौधों को रोपा जाएगा ताकि पौधे सुरक्षित रह सकें। यह ट्री गार्ड प्रधानों द्वारा तैयार कराए जा रहे हैं। जुलाई के प्रथम सप्ताह में होने वाले पौधरोपण से पूर्व यह ट्री गार्ड तैयार हो जाएंगे।
जुलाई के प्रथम सप्ताह में वृहद पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए गांवों में करीब 17 लाख पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है।
पौधरोपण से पूर्व ही अधिकारी पौधों के संरक्षण के प्रति सचेत रहते हुए कुछ पौधों को ट्री गार्ड में संरक्षित करने का फैसला लिया है। जिसके चलते उनके द्वारा जनपद की सभी 504 ग्राम पंचायतों में 50-50 ट्री गार्ड तैयार करवाए हैं। यह ट्री गार्ड उन स्थानों पर पौधों के संरक्षण के लिए लगाए जाएंगे, जहां पर पौधों को वृद्धि में परेशानी आती है। सीडीओ डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि हमने प्रत्येक गांव में 50-50 ट्री गार्ड लगवाने का फैसला लिया है। जिससे कि कम से कम उन पौधों को सुरक्षा मिल जाए, जिनको उन स्थानों पर उगने में समस्या आती है।