मथुरा। द्वारिकाधीश मंदिर में फूलबंगला के बीच नौका विहार करते राजाधिराज।
- फोटो : VRINDAVAN
मथुरा। ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर को डॉ. वागीश कुमार महाराज के जन्मदिन पर शनिवार को सजाया गया। प्रात:काल मंगला के दर्शन और फिर नंद महोत्सव की झांकी खुली। नंद महोत्सव के दर्शन कर भक्त आनंदित हो गए।
महोत्सव पर भक्तों को प्रसाद लुटाया गया। उसके बाद राजभोग के दर्शन में ठाकुरजी का भव्य शृंगार हुआ और उद्यापन की झांकी खुली। सायंकाल राजाधिराज प्रभु ने नाव में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए।
मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि मंदिर के गोस्वामी और कांकरोली युवराज डॉ. वागीश कुमार महाराज का जन्मदिन मंदिर में मनाया गया है। इस उपलक्ष्य में अनेक मनोरथ हुए। ठाकुरजी की झांकी सजाई गईं। शाम को भोग संध्या आरती हुई और मंदिर के कार्यालय में मंदिर के अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद पाठक की अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित की गई।
संचालन करते हुए राकेश तिवारी एडवोकेट ने कहा कि महाराजश्री द्वारा पुष्टिमार्गीय संप्रदाय को आगे बढ़ाने के लिए नए कार्यक्रम किए जा रहे हैं। अध्यक्षता लक्ष्मण प्रसाद पाठक ने की। जन्मदिन की बधाई का गायन हुआ।