मथुरा के मां-बेटे ने लखनऊ में जाकर जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। प्लाॅट पर कब्जे और शिकायत पर सुनवाई नहीं होने से मां-बेटे ने आत्मघाती कदम उठाया। मामले में मथुरा पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है।
मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र के गांव संकेत स्थित एक टाउनशिप में रहने वाले मां-बेटे ने अपने प्लाॅट पर कथित कब्जे और शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई न होने पर बुधवार को लखनऊ पहुंचकर विक्रमादित्य मार्ग पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं, मथुरा पुलिस भी सक्रिय हो गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।
विज्ञापन
मुनेश सिंह और उनका 38 वर्षीय पुत्र बलजीत सिंह प्लाॅट विवाद को लेकर कई दिनों से गहरे तनाव में थे। बुधवार दोपहर करीब 11.30 बजे दोनों लखनऊ पहुंचे और मुख्यमंत्री आवास के निकट विक्रमादित्य मार्ग पर जहरीला पदार्थ निगल लिया।
मौके पर उपस्थित लोगों की सूचना पर पुलिस माैके पर पहुंच गई। दोनों को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए उपचार शुरू किया।
विज्ञापन
प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया कि मथुरा स्थित विवादित प्लाॅट पर दबंगों ने कब्जा कर लिया था। पीड़ितों ने स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत की, लेकिन कथित रूप से किसी भी स्तर पर सुनवाई न होने से निराश होकर उन्होंने यह कठोर कदम उठाया।
उधर घटना की जानकारी मिलते ही मथुरा पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण के लिए लखनऊ पुलिस से समन्वय स्थापित कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी मिलेगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में महिला की ओर से आईजीआरएस पर शिकायत की गई थी, लेकिन वह इस प्रकरण से संबंधित नहीं है।