मथुरा। मथुरा की पराग डेयरी प्रदेश की सबसे अत्याधुनिक डेयरी बनेगी। इस पर 171.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नई व अत्याधुनिक पराग डेयरी में रोजाना एक लाख लीटर दूध से विभिन्न उत्पाद बनेंगे और तीन लाख लीटर दूध स्टोरेज रहेगा। डेयरी के लिए हाईवे स्थित पराग डेयरी पर दुग्ध विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने भूमि पूजन किया।
हाईवे स्थित गोकुल रेस्तरां के निकट पुरानी पराग डेयरी पर किए गए भूमि पूजन के दौरान दुग्ध विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि नई व अत्याधुनिक डेयरी बन जाने से मथुरा, आगरा, अलीगढ़ के किसानों की आमदनी दो गुना करने में अहम साबित होगी।
किसानों को आमदनी दो गुना करने को दुग्ध उत्पादन बढ़ाना होगा और डेयरी बन जाने पर उनको दूध की उचित कीमत मिल सकेगी। दुग्ध उत्पादक किसानों से दूध खरीदने को उनके गांवों के निकट 600 दुग्ध संग्रह केंद्र खोले जाऐंगे और रोजाना उनका दूध इकट्ठा कर डेयरी पर लाया जाएगा।
171.60 करोड़ से अत्याधुनिक डेयरी का निर्माण जल निगम की सीएनडीएस शाखा कराएगी। इस दौरान दुग्ध संघ के चेयरमैन रनवीर सिंह, पार्षद तिलकवीर सिंह व पशुपालन, दुग्ध विकास व जलनिगम के कर्मचारी अधिकारी मौजूद रहे।
एक लाख लीटर दूध से रोज यह बनेंगे उत्पाद
मथुरा। अत्याधुनिक पराग डेयरी में रोजाना एक लाख लीटर दूध की प्रोसेसिंग होगी। इससे पनीर, खोआ, घी, मक्खन, दही, छाछ, मोहन भोग, श्रीखंड, पेड़ा, माखनमिश्री प्रसाद, छैना खीर, मीठी व नमकीन लस्सी, नमकीन दही बनेगी और बेची जाएगी।
10 मोबाइल मिल्क पार्लर होंगे संचालित
मथुरा। अत्याधुनिक पराग डेयरी से बने प्रोडक्ट को बेचने के लिए 10 चिलर प्लांट वाले ट्रकों में मोबाइल मिल्क पार्लर संचालित किए जाएंगे। 1.61 करोड़ की लागत से बनने वाले यह पार्लर जगह जगह ठंडा दूध व अन्य दूध से बने उत्पाद बेचेंगे। साथ ही डेयरी के निकट एक बड़ा मिल्क पार्लर खोला जाएगा। इसमें दूध से बने सभी उत्पाद बेचे जाएंगे।
750 गांवों से इकट्ठा होगा दूध
मथुरा। मथुरा की पराग डेयरी में इस पर 35 हजार लीटर दूध 175 गांवों से रोजाना आ रहा है। नई डेयरी बन जाने के बाद 750 गांवों में दुग्ध संग्रह केंद्र खोलकर इसे डेढ़ लाख लीटर से अधिक किया जाएगा।
2016 में खत्म हो गई थी मथुरा की पराग डेयरी
मथुरा। सपा सरकार में मथुरा की पराग डेयरी का अस्तित्व खत्म कर फिरोजाबाद स्थित दुग्ध महासंघ में विलय कर दिया था। इससे पूर्व रोजवेज को डेयरी की बड़ी जमीन 99 साल के पट्टे पर दे दी गई थी। इसे लेकर खासा हंगामा हुआ। बाद में भाजपा सरकार बन जाने और चौधरी लक्ष्मीनारायण के दुग्ध विकास मंत्री बन जाने के बाद फिर से डेयरी को मथुरा लाया गया और प्रदेश की अत्याधुनिक डेयरी बनाने को डीपीआर बनवाई गई।
प्रदूषण रहित होगी समूची डेयरी
मथुरा। मथुरा की पराग डेयरी प्रदेश की सबसे अत्याधुनिक डेयरी होगी। यह प्रदूषण रहित व सीएनजी से संचालित ब्यॉलर से चलेगी। पूरे उत्पाद बनाने व उनको ठंडा सुरक्षित रखने को अत्याधुनिक व उच्च तकनीक वाले उपकरण लगाए जाएंगे।