मथुरा। गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर एक विवाहिता जयपुर से चलकर आत्महत्या करने पहुंच गई। जीआरपी व आरपीएफ ने किसी प्रकार से उसे बचाया।
गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार की रात 20 वर्षीय विवाहिता को यहां वहां टहलते देख जीआरपी और आरपीएफ कर्मियों ने पूछताछ की। जिसके बाद वह फूट-फूटकर रोने लगी और बताया कि वह जयपुर की रहने वाली है। यहां पर जान देने के लिए आई है। जब महिला पुलिसकर्मियों ने काउंसिलिंग की तो पता लगा कि उसने विगत वर्ष माता-पिता की मर्जी के खिलाफ प्रेम-विवाह किया है।
पति उससे आए दिन झगड़ा करता है। माता-पिता ने भी उससे नाता तोड़ लिया है। अब उसके पास जान देने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। महिला सिपाहियों द्वारा समझाए जाने के बाद महिला का गुस्सा शांत हुआ और उसने अपने पति का फोन नंबर उन्हें बताया। शुक्रवार की सुबह महिला का पति जयपुर से जंक्शन पहुंचा। एसएसआई नरेंद्र सिंह वैनेया ने बताया कि पति-पत्नी को बैठाकर समझाया और भविष्य में झगड़ा नहीं करने की हिदायत दी। इसके बाद महिला अपने पति के साथ चली गई।