मथुरा के कोसीकलां में उधार दिए चार लाख रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने महिला और उसके दामाद पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए दोनों एक मकान में घुसे तो हमलावर वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि दामाद को पीटा गया, जबकि उसकी सास के कपड़े फाड़कर अभद्रता की गई। घटना में दोनों घायल हो गए।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
शेरगढ़ रोड स्थित गोपाल बाग निवासी भागीरथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी सास कृष्णा ने मझोई निवासी संजय को चार लाख रुपये उधार दिए थे। संजय कई वर्षों से रकम वापस नहीं कर रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
विज्ञापन
भागीरथ का आरोप है कि पांच नवंबर की शाम करीब 6:15 बजे वह अपनी सास कृष्णा के साथ दुकान पर जा रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे संजय, टिंकू, महेश और राजेश निवासी गांव मझोई तथा दो-तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बचने के लिए दोनों एक मकान में घुस गए, लेकिन आरोपी पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए। उन्होंने भागीरथ के साथ मारपीट की और कृष्णा के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया। आरोप है कि इस दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए।
शोर सुनकर मकान मालिक राजवीर और उनके परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को हमलावरों से बचाया। मारपीट में भागीरथ को गंभीर चोटें आईं, जबकि कृष्णा को भी अंदरूनी चोटें लगीं। आरोपियों ने दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
विज्ञापन
भागीरथ ने यह भी आरोप लगाया कि चार नवंबर को सुबह करीब 10:30 बजे आरोपियों ने दुकान पर पहुंचकर उसकी सास के साथ मारपीट की थी। सीओ भूषण वर्मा ने बताया कि नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।