मथुरा। ग्यारह दिन पूर्व धनगांव भैंसा रोड पर महेंद्र की गला घोंटकर हत्या करके शव फेंका गया था। उसकी हत्या जमीन हड़पने के लिए रिश्ते में लगने वाले साले ने साथियों के संग की थी। हाईवे पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है, जबकि दो हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है।
31 जून को सड़क किनारे मिले शव की शिनाख्त दूसरे दिन महेंद्र पुत्र ओमप्रकाश निवासी किशोरपुरा, गांधीनगर वृंदावन के रूप में हुई थी। हत्या का मुकदमा मृतक की पत्नी ने दर्ज कराया था। हाईवे पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा रविवार को कर दिया। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने दो हत्यारोपी राजेश निवासी फालैन कोसीकलां और रमेश निवासी सरस्वती विहार कॉलोनी वृंदावन गिरफ्तार किया है। फरार दो हत्यारोपी उदय गौतम निवासी गंगोत्री विहार, सिकंदरा आगरा, मुकेश शर्मा निवासी ओहावा थाना सुरीर की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
सीओ रिफाइनरी अभिषेक तिवारी ने बताया कि हाईवे पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मृतक के भाई कृष्णगोपाल उर्फ जादू ने दो बैनामा किए थे। उनके बैनामा की जांच करने पर बैनामा फर्जी पाए गए। विक्रेता कृष्णगोपाल का न तो फोटो था और न ही उसके हस्ताक्षर थे। महेंद्र व उसके भाइयों की जमीन हड़पने के लिए योजना बनाई थी।
फर्जी मुकदमों की भनक महेंद्र को लग गई थी और उसने जेल भिजवाने के लिए धमकी दी थी। जेल जाने से बचने के लिए व जमीन को हड़पने के लिए रमेश ने फोन करके महेंद्र को अपने घर बुलाया था। कार में बैठा लिया और घर से कुछ ही दूरी पर कार में ही गला घोंटकर हत्या कर दी थी। शव को जला रहे थे, तभी बाइक सवार आ गए तो छोड़कर भाग आए।