कई स्थानों पर जनप्रतिनिधियों व अफसरों के समझाने का भी असर नहीं दिखा। राधाकुंड क्षेत्र के मुखराई, राया के खप्परपुर और थाना मगोर्रा के गांव बंडपुरा में दोपहर एक बजे तक भी मतदान नहीं शुरू हो सका।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। जिले के कई मतदान केंद्रों पर शुक्रवार को मतदान के दौरान जमीनी स्तर पर समग्र विकास न होने का असर दिखा। नतीजतन कई केंद्रों पर लोग मतदान से दूरी बनाते दिखे। हालांकि कुछ स्थानों पर अफसरों और जनप्रतिनिधियों के समझाने पर लोग मान गए। राधाकुंड क्षेत्र के मुखराई, राया के खप्परपुर और थाना मगोर्रा के गांव बंडपुरा दोपहर एक बजे तक मतदान शुरू ही नहीं हो सका।
विज्ञापन
राया ब्लॉक के गांव खप्परपुर के लोगों ने सादाबाद रोड से गांव तक मुख्य मार्ग सही न होने पर नाराजगी जताते हुए मतदान से दूरी बनाए रखी। यहां दोपहर एक बजे तक मतदान शुरू नहीं हो सका था। इस केंद्र पर करीब 5500 वोटर हैं।
Trending Videos
राधारानी की ननिहाल गांव मुखराई में भी कुछ ऐसा ही हाल है। यहां करीब 1700 मतदाता है। ये लोग डिग से गांव मुखराई तक सड़क बनवाने, तहसील व ब्लॉक मथुरा के स्थान पर गोवर्धन किए जाने की मांग कर रहे हैं। राज्य सभा सांसद तेजवीर सिंह, सांसद प्रतिनिधि जर्नादन शर्मा के समझाने पर भी बात नहीं बन सकी।
ऐसे में यहां भी दोपहर एक बजे तक किसी भी मतदाता ने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। ये लोग मांगों के संबंध में डीएम से लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े हैं। वहीं राधाकुंड क्षेत्र के कोन्हई गांव में भी विकास कार्य व सड़क की बदहाली से लोगों में नाराजगी है।
इस केंद्र पर करीब 1550 मतदाता हैं। इनमें से करीब एक बजे सिर्फ 14 लोगों ने मतदान किया। ये सभी एक ही परिवार से जुड़े हैं। हरिश्चंद्र, गोविंद सिंह ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से गांव में कोई विकास कार्य नहीं कराया गया है।
सुरीर कोतवाली क्षेत्र के गांव इरौली जुन्नारदार के मतदान केंद्र पर दो बूथ हैं। इनमें 1400 से अधिक वोट हैं। दोपहर करीब 12 बजे तक यहां भी मतदान शुरू नहीं हो सका था। यहां अफसरों की मान-मनौव्वल का असर नहीं दिखा। लोग नाले की खुदाई न होने व अन्य कार्यों के न होने से नाराज थे।
चौमुहां ब्लॉक गांव देवपुरा में सड़क निर्माण न होने से नाराज लोग 5 घंटे तक मतदान से दूरी बनाए रहे। दोपहर में अफसरो के समझाने पर माने।
नौहझील क्षेत्र के गांव बसाऊ (दौलतपुर) सुबह 10 बजे मतदान शुरू हो सका। यमुना पुल चौकी से बसाऊ के लिए जाने वाले मार्ग के बदहाल होने से नाराज थे। विधायक राजेश चौधरी व एमएलसी योगेश
नौहवार के समझाने पर ये लोग मान गए।
हसनपुर जरैलिया में विधायक राजेश चौधरी के समझाने पर 11 बजे से मतदान शुरू हुआ।यहां लोग सड़क, नाली की बदहाली से नाराज थे। सैदगढ़ी में भी विधायक के आश्वासन पर करीब 11 बजे मतदान प्रारंभ हुआ। दोपहर 1 बजे तक सिर्फ वोट डाला गया। वह भी प्रधान का। यहां करीब 791 मतदाता है।
गांव मुवारिकपुर में बृहस्पतिवार को विधायक के समझाने पर लोग मान गए थे। सिंगौनी का बूथ मडुआका में बनाए जाने से नाराजगी थी। अफसरों के समझाने पर बात बनी तो ईवीएम दगा दे गई। एक के बाद एक चार मशीनों ने काम नहीं किया। ऐसे में अतिरिक्त ईवीएम मंगाई गई। इस कारण एक घंटे देरी से मतदान शुरू हुआ।
मांट क्षेत्र के नंदनगरिया मतदान केंद्र पर 4 घंटे देरी से मतदान शुरू हुआ। यहां लोग मांट-राया के मुख्य मार्ग से गांव को जोड़ने वाली सड़क जर्जर होने से लोग नाराज थे। विधायक के समझाने पर माने।
प्रशासन के खिलाफ किया प्रदर्शन
थाना मगोर्रा के गांव बंडपुरा में बूथ संख्या 297 में ग्रामीणों ने गांव की समस्याओं को लेकर मतदान से दूरी बना ली। प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। ये लोग गांव से जुड़ने वाली 4 सड़क, रजवहा की सफाई, गांव के मार्गों की सफाई सहित बिजली के जर्जर तार आदि समस्याओं को लेकर नाराज हैं।
अधिकारियों के समझाने पर भी ग्रामीण नहीं माने। बसपा प्रत्याशी सुरेश सिंह भी मनाने पहुंचे पर बात नहीं बनी। यहां कुल 629 मतदाता है। विरोध के कारण दोपहर 2 बजे तक मतदान शुरू नहीं हो सका। एसडीएस नीलम श्रीवास्तव का कहना है कि ग्रामीणों की सड़क, बिजली , पानी आदि समस्या है। ग्रामीणों की समस्याओं को ग्राम पंचायत की खुली बैठक कर जल्द समाधान कराया जाएगा।