गांव चेतनगढ़ में चोरी की घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : MATHURA
सौंख (मथुरा)। गांव बछगांव के मजरा नगला चेतनगढ़ में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य के घर से चोर २० हजार रुपये की नकदी सहित चार लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए।
नगला चेतनगढ़ में शुक्रवार की रात पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह परिवार के साथ बरामदे में सो रहे थे। घर में जंगला तोड़कर चोर कमरे के अंदर घुस गए। एक कमरे में घुसकर अंदर से कुंदी लगा ली। चोर आलमारी की सेफ और बक्सा को तोड़कर २० हजार रुपये की नकदी, चार लाख रुपये के जेवरात और कपड़े चोरी कर ले गए।
पुत्रवधू प्रवेश सुबह चार बजे जागी तो कमरे की कुंदी अंदर से बंद थी। तभी उसने शोर मचाया। इससे परिवारीजनों के साथ आसपास के लोग जाग गए। कमरे में बिखरे समान को देख परिजनों की पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित ने थाना मगोर्रा में चोरी की तहरीर दी है। थाना प्रभारी सुशील कुमार योगी का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। चोरी की घटना को लेकर जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।