फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मथुरा: हंगामे और धमकाने की दी गई थी सूचना, फिर भी नहीं पहुंची पुलिस

विज्ञापन
मथुरा। घटना के बाद युवती के घर पर जुटी भीड़ और जांच करती पुलिस। - फोटो : MATHURA
विज्ञापन
नौहझील (मथुरा)। जनमासा में रुके दूल्हे को धमकाने के लिए सिरफिरा भाई और एक युवक के साथ पहुंच गया। उसके बाद वरमाला के वक्त भी पथराव करके खूब हंगामा किया। शिकायत के बाद भी नौहझील पुलिस नहीं पहुंची। अगर समय रहते पुलिस पहुंच जाती तो सनसनीखेज वारदात रोकी जा सकती थी। एकतरफा प्यार में पागल सिरफिरे ने वारदात को अंजाम देकर अपने मकसद में कामयाब हो गया।
विज्ञापन

एक बार फिर नौहझील पुलिस की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में आ गई है। पुलिस की हीलाहवाली के कारण दुल्हन बनी युवती की जान चली गई। अगर पुलिस तत्काल मिली शिकायत पर गंभीर होकर सख्ती से कार्रवाई कर लेती तो दुल्हन पति के साथ विदा हो जाती।
एकतरफा प्यार के जुनून में पागल आशिक ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला। उसके बाद हत्यारोपी प्रेमी भाई और युवक के साथ भाग भी गया। किसी ग्रामीण ने थाने की पुलिस को सूचना देकर बता भी दिया था कि कोई घटना हो सकती है। एसपी देहात श्रीशचंद परिजनों की शिकायत से इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि परिजनों को डायल ११२ पर सूचना देनी चाहिए थी। सूचना मिलते ही कार्रवाई की जाती। आखिरकार इतना होने के बाद शिकायत नहीं की गई, यह परिजन ही जानें।
विज्ञापन

दूल्हा-दुल्हन में से एक को मारने की ठान चुका था अनीश
गांव में बारात पहुंचते ही आरोपी युवक अनीश दूल्हा-दुल्हन में से किसी एक को जान से मारने की ठान चुका था। शादी में आतंक मचाने की योजना उसने पहले ही बना ली थी। अनीश ने पहले अपने 4-5 दोस्तों के संग जमकर शराब पी। फिर बारात में जाकर दूल्हे को जान से मारने की धमकी दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारात चढ़त के वक्त अनीश ने दूल्हे को शादी करने से मना किया था। इस पर काफी देर तक विवाद भी हुआ था लेकिन बाद में मामला रफा-दफा कर दिया गया।
दूल्हे ने कही थी पुलिस की मौजूदगी में शादी करने की बात
गौतमबुद्धनगर के थाना रबूपुरा के गांव कल्लूपूरा से गांव मुबारिकपुर में बारात आई थी। बारात पहुंचते ही आरोपी युवक अनीश ने दूल्हे को धमकी दी कि वह बिना शादी किए ही लौट जाए, वर्ना यहां से जिंदा नहीं जाएगा। दूल्हा बने वीरपाल पुत्र मटरू ने यह बात अपने परिजनों को बताई। शादी करने से इनकार कर दिया। जब परिवारीजनों ने जोर-जबरदस्ती की तो दूल्हे ने पुलिस की मौजूदगी में शादी की बात कही थी लेकिन कुछ लोगों ने दूल्हे की बात को नजरअंदाज कर दिया।
मां-बाप बोले-बेटी के पीले हाथ से पहले बेरहमी से हो गई हत्या
हर मां-बाप बेटी के पीले हाथ करके उसे हंसी-खुशी विदा करते हैं लेकिन गांव मुबारिकपुर में बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदलते देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। मां मिथलेश देवी और पिता खूबीराम का रो-रोकर बुरा हाल है। रोते हुए मां-बाप बोले कि हम तो बेटी के हाथ पीले करने वाले थे लेकिन उससे पहले ही बेटी के खून से ही हमारे हाथ लाल हो गए। मृतका चार भाई और बहनों में सबसे बड़ी थी। घर में पहली शादी थी। पिता मजदूरी करके अपने परिवार को पाल रहे हैं।
50 मीटर की दूरी पर रहते हैं दोनों परिवार
गांव मुबारिकपुर में खूबीराम प्रजापति पुत्र गिर्राज सिंह और आरोपी युवक अनीश पुत्र हरलाल दोनों के परिवार 50 मीटर की दूरी पर रहते हैं। बताया जाता है कि आरोपी युवक और उसके साथियों का गांव में जमकर आतंक है। यह युवक आए दिन गांव में वारदात करते रहते हैं।
जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी : श्रीशचंद
एकतरफा प्यार में सिरफिरे ने शादी वाले घर में घुसकर दुल्हन के कनपटी से सटाकर गोली मारी है। जिससे दुल्हन की मौके पर ही मौत हो गई है। दुल्हन के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अनीश गिरफ्तार हो गया है, उसके दो साथी भी जल्दी गिरफ्तार होंगे।
विज्ञापन

- श्रीशचंद, एसपी देहात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें