मथुरा। विवाहिता के हत्यारोपियों को पकड़ने में पुलिस की तीन टीमें नाकाम रही हैं। चार दिन बीतने के बाद भी पुलिस इन चारों हत्यारोपियों का सुराग तक नहीं लगा सकी है। दावा किया जा रहा है कि पुलिस की तीन टीमें हत्यारोपियों की तलाश में हरियाणा, अलीगढ़ और राजस्थान में दबिश दे रही है।
१३ जनवरी की रात शहर की मानस नगर कॉलोनी में विवाहिता चंचल (३१) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके बाद ससुरालीजन वृंदावन के हॉस्पिटल में विवाहिता के शव को छोड़कर भाग खड़े हुए थे। मृतका के पिता राजन सिंह ने पति दिनेश, ससुर प्रताप सिंह, सास शीत और ननद लवली के खिलाफ कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। चार दिन बीतने के बाद भी चारों हत्यारोपियों को पुलिस पकड़ नहीं पाई है।
हालांकि पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी बताई जा रही हैं। सीओ सिटी अभिषेक तिवारी ने बताया कि हत्यारोपियों की तलाश में तीन टीमें पुलिस की लगाई गई हैं। यह टीमें हरियाणा, राजस्थान और अलीगढ़-मथुरा में दबिश दे रही हैं। जल्द ही हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।