मथुरा (राया)। राया में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनई में तैनात चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी के पुत्र की डेंगू से मौत हो गई। वहीं, बुधवार को जिले में २४ नए डेंगू के मरीज मिले हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनई पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कन्हैया लाल का पुत्र चिंटू (15) पिछले दो दिन से बीमार था। जिसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। बताया गया कि चिंटू डेंगू बीमारी से ग्रस्त हो गया और मंगलवार की रात मौत हो गई। कोविड सेंटर प्रभारी डॉ. भूदेव ने बताया कि किशोर की मौत के बाद जांच की जा रही है। साथ ही आसपास सैंपलिंग भी की जाएगी।
जीका वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय, 40 लोगों के लिए सैंपल
जनपद में डेंगू के बाद अब जीका वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। जीका वायरस की सैंपलिंग का काम जोरों पर है। बुधवार को नौहझील और फरह 40 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। ये सभी लोग ऐसे हैं जो अन्य राज्यों से अपने अपने घर दिवाली मनाने आए हैं।
जीका वायरस को लेकर पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। दिवाली मनाने अन्य राज्यों से अपने घर लौटे लोगों पर खास निगाह है। जीका वायरस के फैलने की संभावना को देखते हुए ऐसे लोगों के प्रति सतर्कता बरती जा रही है। बाहरी लोगों के बीमार होने की स्थिति में नौहझील और फरह क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आए 40 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। डॉ. भूदेव ने बताया कि बुधवार को 24 नए डेंगू मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार दो दिन में 40 लोगों के सैैंपल लेकर जांच को भेजे गए। संवाद