मथुरा। जानलेवा हमले में चार के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। कोतवाली पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
मामला दो दिसंबर का है। चौबियापाड़ा के मानिक चौक की दाऊ वाली गली निवासी प्रदीप चतुर्वेदी उर्फ गुलगुला अपने घर की गैलरी में सो रहा था। रात को करीब सवा ११ बजे चार हमलावरों ने घर में घुसते ही ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं। इस गोलीबारी में प्रदीप चतुर्वेदी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर आते उससे पहले हमलावर भाग खड़े हुए।
परिजनों ने घायल को आगरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि युवक की हालत फिलहाल सही है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली में राजकुमार निवासी नीम गली चौबियापाड़ा, श्यामसुंदर उर्फ बबलू निवासी गताश्रम टीला, मीनू और गोपाल निवासीगण तालाब वाली गली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।