मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर तैनात अग्निशमन विभाग के फायरमैन के 19 साल के बेटे ने शनिवार की सुबह जमुनापार हंसिया रानी घाट से यमुना में छलांग लगा दी। बुलट मोटरसाइकिल से आए युवक को ऐसा देख लोग भौचक्के रह गए। जमुनापार पुलिस और अग्निशमन के गोताखोरों ने युवक की तलाश की। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव शाम छह बजे हंसिया रानी घाट के पास से बरामद कर लिया गया। युवक ने क्यों आत्महत्या की, कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
थाना हाईवे के नटवर नगर निवासी कृष्ण कुमार पौनिया अग्निशमन विभाग में फायरमैन हैं। फायरमैन का बेटा हर्ष (19) बुलट मोटरसाइकिल से शनिवार की सुबह थाना जमुनापार के हंसिया रानी घाट पर पहुंचा। उस पर उतरकर हर्ष ने सीधे यमुना में छलांग लगा दी। आसपास घाट किनारे बैठी महिलाओं ने जब युवक को गहरे पानी में डूबते हुए देखा तो शोर मचाया।
आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। कई नाविकों ने युवक की तलाश में यमुना में खोजबीन की। सूचना पर जमुनापार पुलिस और अग्निशमन विभाग के गोताखोर की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक की पहचान मोटरसाइकिल के नंबर से करने के बाद ही परिजनों को सूचित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि युवक ने सुसाइड किया है।