मंडी समिति में स्ट्रांग रूम में रखीं ईवीएम की सुरक्षा के लिए मुस्तैद सुरक्षाकर्मी।
- फोटो : VRINDAVAN
मथुरा। जनपद में बृहस्पतिवार को शांतिपूर्वक मतदान के बाद स्ट्रॉग रूम में रखी गईं ईवीएम को देखने के लिए विभिन्न दलों के प्रत्याशी शुक्रवार को हाईवे स्थित कृषि उत्पादन मंडी पहुंचे। डीएम और एसएसपी ने भी सभी स्ट्रॉग रूम का जायजा लिया। १८ मजिस्ट्रेटों को जिम्मेदारी दी गई है।
विधानसभा सामान्य निर्वाचन २०२२ के प्रथम चरण में बीते बृहस्पतिवार को जनपद के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में हुए मतदान के बाद सभी ईवीएम कृषि उत्पादन मंडी में बने स्ट्रॉग रूम में रख दी गईं। यहां ईवीएम को जमा करने की देर शाम शुरू हुई प्रक्रिया शुक्रवार को सुबह चार बजे तक चली।
अब ईवीएम से जुडे़ सभी स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा केंद्रीय सुरक्षा बलों के हवाले कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरे इनकी निगरानी के लिए लगाए गए हैं। डीएम नवनीत सिंह चहल और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने सभी स्ट्रॉग रूम का जायजा लिया। डीएम ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए १८ मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक दिन तीन पालियों में मजिस्ट्रेट यहां मौजूद रहेंगे। यहां की सुरक्षा का नोडल अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट जवाहरलाल श्रीवास्तव को बनाया गया है।
इसके अलावा विभिन्न दलों के प्रत्याशियों ने भी मंडी पहुंचकर स्ट्रॉग रूम का जायजा लिया है। मांट से भाजपा प्रत्याशी राजेश चौधरी, सपा प्रत्याशी संजय लाठर ने सुबह यहां पहुंचकर ईवीएम की व्यवस्थाएं देखीं। कई निर्दलीय प्रत्याशी भी अपने समर्थकों के साथ मंडी पहुंचे।