मथुरा। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री व स्थानीय विधायक श्रीकांत शर्मा ने लोगों से अपील की है कि कोरोना से बचने के लिए सजग रहें और लापरवाही कतई न बरतें। साथ ही उन्होंने प्रशासन ने कहा कि जिले में 800 बेड की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि कोरोना का विकराल रूप अगर आता है तो सामना किया जा सके।
अमर उजाला से बात करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि कोविड-19 के नियमों का पालन करें। कोरोना की दूसरी लहर का सामना हम सावधानी से कर सकते हैं। अभी भी काफी लोग हैं जो मास्क नहीं लगा रहे हैं और सोशल डिस्टेंस का पालन भी नहीं कर रहे हैं। इसके लिए पुलिस प्रशासन से कहा कि वह सख्ती बरतें और लोगों को कोरोना से बचने के लिए जागरूक करें।
श्रीकांत शर्मा ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी से कहा है कि जिले में 800 बेड की शीघ्र व्यवस्था होनी चाहिए। यह इसलिए जरूरी है कि कोरोना पॉजिटिव बढ़ने पर उनको आसानी से इलाज मिल सके। इसके लिए केडी मेडिकल और केएम मेडिकल कॉलेज में बनाए गए कोविड सेंटरों को दुरुस्त किया जाए।
60 गाड़ियां कर रहीं एनाउंस
प्रदेश के मंत्री ने बताया कि नगर निगम की 60 गाड़ियां पर लाउडस्पीकर लगाकर एनाउंस कराया जा रहा है। लोगों को बताया जा रहा है कि किस तरह से कोरोना से बचना है और लोगों को मास्क लगाने व सोशल डिस्टेंस का पालन करने के लिए कहा जा रहा है।
कर्फ्यू का सख्ती से पालन हो
मंत्री ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि हर हालत में कोरोना की रफ्तार को थापना है। इसके
लिए रात्रि कर्फ्यू को सख्ती से लागू किया जाए। बेवजह लोग सड़कों पर न घूमें, जो पालन न करें, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।