मथुरा। महानगर के गोविंदपुर में डीएड (डिप्लोमा एजूकेशन) अंतिम वर्ष के छात्र का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। गले में रस्सी का फंदा लगा हुआ था। पड़ोसियों की सूचना पर हाईवे पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को पंखे से उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। छात्र एक वकील के घर में किराए पर रहकर कल्याणं करोति से डीएड कर रहा था। पुलिस परिजनों से परेशान होकर सुसाइड करना बता रही है।
सौंख, कठूमर (अलवर) निवासी कृष्ण कुमार (22) पुत्र लखन सिंह कल्याणं करोति से डीएड कर रहा था। अंतिम वर्ष का छात्र गोविंदपुर में संजय वर्मा एडवोकेट तरौली वाले के मकान में किराए पर रहा था। बुधवार को हाईवे पुलिस को पड़ोसियों ने सूचना दी कि छात्र पंखे से लटका हुआ है। हाईवे पुलिस ने परिजनों को सूचना दी तो कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि छात्र ने सुसाइड किया है। सुसाइड नोट से साफ हो रहा है कि मृतक परिजनों से परेशान होकर ऐसा कदम उठा रहा है।
15 दिन पहले गया था घर, रुका था तीन दिन
पुलिस ने बताया कि कृष्ण कुमार करीब 15 दिन पहले ही अपने घर गया था। यहां पर तीन दिन रुकने के बाद वह 22 अप्रैल से शुरू होने वाली अंतिम वर्ष की परीक्षा के चलते मथुरा आ गया। उसके बाद परीक्षा स्थगित हो गई तो घर न जाकर किराए के मकान में रहकर ही पढ़ाई करने लगा। परिजन भी ऐसा कदम उठाने के पीछे कुछ नहीं बोल रहे हैं। मृतक के पिता भी काफी समय से बीमार चल रहे हैं। दो भाइयों में छोटा कृष्ण कुमार था, जबकि उससे बड़ा भाई रवि है।
सुसाइड नोट में यह लिखा..
जो लोग मेरे मरने पर रोएंगे, काश मुझे जीते हुए ही समझ लेते। सो आज मुझे यह कदम नहीं उठाना पड़ता। अगर मैंने किसी का दिल दुखाया हो तो माफ कर दीजिएगा। सॉरी और मेरी इच्छा है कि मेरे मरने के बाद मेरे शरीर के उपयोगी अंग कल्याणं करोति की तरफ से जरूरतमंदों को मुफ्त में लगवा दिए जाएं।