मथुरा। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में भीड़ अधिक होने के कारण बेहोश हुए श्रद्धालु को अस्पताल ले जाता ?
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। माघ माह की जया एकादशी पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन की अभिलाषा लिए पहुंचे श्रद्धालु की मंदिर के चबूतरा पर हालत बिगड़ गई।
आनन-फानन श्रद्धालु को मंदिर प्रबंधन ने अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषत कर दिया।
गाजियाबाद निवासी योगेंद्र परिवार के साथ मथुरा में श्रीबांकेबिहारी के दर्शन करने आए थे। मथुरा के आनंद लोक निवासी 65 वर्षीय जीजा लक्ष्मण सिंह को लेकर शनिवार दोपहर करीब १२ बजे मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। एकादशी के साथ ही शनिवार पड़ने पर मंदिर में भक्तों का भारी भीड़ थी।
भीड़ के दबाव को देख लक्ष्मण की हालत बिगड़ने लगी तो वे किसी तरह से भीड़ से बाहर निकलकर गेट नंबर-४ पर चबूतरे पर बैठ गए। योगेंद्र परिवार के साथ ठाकुरजी के दर्शन करने चले गए। उसी दौरान लक्ष्मण की तबियत ज्यादा बिगड़ गई और वहीं गिर पड़े।
गेट नंबर चार पर तैनात सुरक्षाकर्मी रिंगू सिंह वहां पहुंचे और उन्हें संभालने में जुट गए। सुरक्षागार्डों ने तत्काल प्रबंधन को सूचना दी। मंदिर प्रबंधक मुनीष शर्मा व उमेश सारस्वत ने श्रद्धालु को सौ शैय्या जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके जैन ने बताया कि श्रद्धालु की मौत का कारण हार्टअटैक है। रिश्तेदार योगेंद्र ने बताया कि लक्ष्मण सिंह को डायबिटीज की शिकायत थी।