मथुरा। अगहन पूर्णिमा मेला पर दाऊजी मंदिर में भजनों पर झूमते श्रद्धालु।
- फोटो : MATHURA
बलदेव (मथुरा)। ब्रजराज दाऊजी महाराज एवं रेवती मैया का 441वां प्राकटॺोत्सव हर्षोल्लास के साथ रविवार को शुरू हो गया। अगहन पूर्णिमा पर दाऊजी मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इष्ट दाऊ दादा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
भक्तों ने दाऊजी को माखन मिश्री का भोग लगाया। दाऊजी महाराज व रेवती मैया का विशेष अभिषेक किया गया। विशेष शृंगार धारण कराए गए। श्री दाऊजी महाराज और रेवती मैया बड़े ही मनोहारी लग रहे थे। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही भक्तों का सैलाब उमड़ता रहा। मंदिर में शहनाई वादन व विद्वानों ने बलभद्र सहस्त्रनाम का पाठ किया।
नफीरी की धुन पर भजन दाऊ बाबा बड़ौ मतवारो, अलबेली सरकार राधे-राधे, श्री दाऊजी महाराज तेरे माथे मुकुट विराज रहे हो, ठोढी पर हीरा चमक रह्यो। बरसाने वारी राधे राधे आदि भजनों पर श्रद्धालु भक्ति भाव में भावविभोर होकर नाचते गाते रहे। भीड़ के कारण मेला रोड, कैलाश रोड पर बार-बार जाम लगा, जिससे लोग परेशान रहे। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल क्षीर सागर पर सुबह से ही भीड़ रही, भक्तों ने स्नान व आचमन कर पुण्य लाभ कमाया।