मथुरा। केबल बक्शा जल जाने से तीन घंटे पांच फीडरों की लाइट गुल हो गई। रविवार की सुबह 9:15 बजे बिजली गुल होने से करीब आठ हजार उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई। रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हुए। दोपहर 12 बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
पांचों फीडरों की बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। विद्युत निगम के अफसरों की लापरवाही का खामियाजा गर्मी में लोगों को भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।
पागल बाबा 132 केवी बिजलीघर से आकाशवाणी बिजलीघर को बिजली की सप्लाई मिलती है। बताया जाता है कि रविवार की सुबह आकाशवाणी बिजलीघर की 33 हजार विद्युत लाइन का केबल बक्शा जल गया। इसके चलते आकाशवाणी बिजलीघर ठप होने से उससे जुड़े पांच फीडरों की लाइट गुल हो गई। सुबह 9:15 गई बिजली के चलते लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
लगातार लोग बिजली आने की जानकारी जुटाते रहे, पर विद्युत निगम के अफसरों ने उचित जवाब नहीं दिया। जयसिंहपुरा निवासी संतकुमार शर्मा का कहना है कि आए दिन बिजली की आवाजाही झेलनी पड़ती है। कन्हैया कुंज कॉलोनी निवासी वासु शर्मा ने भी विद्युत निगम के अफसरों से व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। एसडीओ गौरव गुप्ता ने बताया कि केबल बक्शा को दुरुस्त करके 12 बजे सप्लाई सुचारु कर दी गई। तीन घंटे जरूर बिड़ला मंदिर, जयसिंहपुरा, स्वामीघाट, तपोभूमि और गऊघाट की आपूर्ति बंद रही।