जहां एक ओर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन व्यवस्था से लेकर 54 साल से बंद खजाने को खोलने की बात की जा रही है तो वहीं अब कई साल से बैंक के स्ट्रांग रूम में रखे बक्से को भी खोलने की कवायद शुरू हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बनी मंदिर प्रबंधन की हाईपावर्ड कमेटी ने बैंक से पूरी जानकारी मांगी है।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर प्रबंधन कमेटी की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पिछले दिनों एक हाईपावर्ड कमेटी का गठन किया था। कमेटी को मंदिर प्रबंधन के लिए उच्चाधिकार सौंपे गए थे। कमेटी का अध्यक्ष हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज अशोक कुमार और सदस्य रिटायर्ड जिला जज मुकेश कुमार को बनाया गया।
इसके अलावा कमेटी में स्थानीय अधिकारियों के साथ चार सेवायतों को भी रखा गया है। कमेटी बनने के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन के लिए कई नियमों में बदलाव किए गए। वहीं 54 साल से बंद तोशखाने को खोलने के भी आदेश दिए गए। इसके बाद सेवायतों से पता लगा कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की भूतेश्वर शाखा में बांकेबिहारी मंदिर का एक बक्सा स्ट्रांग रूम में रखा है। अब कमेटी ने इस रिकॉर्ड को भी तलब किया है।
1971 से बंद है यह बक्सा
इतिहासकार प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी की मानें तो 1971 में श्रीबांकेबिहारी मंदिर की प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष प्यारेलाल गोयल ने तोशखाने से कुछ सामान निकालकर बैंक के लॉकर में रखा था। तब से लेकर आज तक बक्सा बैंक के लॉकर में ही है।