मथुरा। हत्या से पहले पुलिस के हत्थे चढ़ा प्रेमी संग उसका साथी।
- फोटो : VRINDAVAN
मथुरा। जमुनापार के गांव गोसना में प्रेमिका के मंगेतर की हत्या करने आगरा से आ रहे प्रेमी को साथी के साथ जमुनापार पुलिस ने दबोच लिया। इनके कब्जे से हथियार और बाइक बरामद की हैं। दोनों को आर्म्स एक्ट में जेल भेजा है।
थाना जमुनापार के एसएचओ महाराज सिंह भाटी को सूचना मिली कि आगरा से प्रेमी अपने साथी के साथ प्रेमिका के मंगेतर की हत्या करने के लिए आ रहा है। जमुनापार पुलिस ने बुधवार की देररात राया-मथुरा रोड पशु पैंठ के पास से दोनों को दबोच लिया। तलाशी में इनके पास से दो तमंचे और १० कारतूस मिले हैं। पुलिस ने दोनों को आर्म्स एक्ट में जेल भेजा है। उनकी बाइक को सीज कर दिया है।
सीओ सदर प्रवीण मलिक ने बताया कि प्रेमी अमित और साथी विकास निवासी गांव फूलपुर, इरादतनगर (आगरा) को गिरफ्तार किया है। अमित साथी के संग गोेसना निवासी पंकज की हत्या करने के लिए आया था। दो महीने पहले भी ऐसी कोशिश की थी पर तब पंकज उसे नहीं मिला। आगरा की युवती की पंकज से सगाई हो गई है। युवती उससे शादी नहीं करना चाहती। इसके चलते प्रेमी उसकी हत्या का ताना-बाना बुन रहा था। वारदात करने से पहले ही दोनों को दबोच लिया गया है।