मथुरा। आगरा में आयोजित मंडलीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आगरा मंडल की ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। बेहतरीन प्रदर्शन करने पर 21 से 24 अगस्त तक बरेली में होने वाली प्रदेशीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
जनपदीय क्रीड़ा समिति के सचिव डॉ. पदम सिंह कौंतेय ने बताया कि प्रतियोगिता में आगरा मंडल के चारों जिलों की टीमों ने भाग लिया था। अंडर-19 बालक वर्ग और अंडर-17 बालक वर्ग में विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि एक अन्य वर्ग में उप विजेता स्थान प्राप्त किया। इस प्रदर्शन के आधार पर मथुरा के खिलाड़ियों का चयन 21 से 24 अगस्त तक बरेली में आयोजित होने वाली प्रदेशीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
प्रदेशीय प्रतियोगिता के लिए अंडर-14 बालक वर्ग में कीर्तिमान कौशिक और ऋषभ वर्मा, अंडर-17 बालक वर्ग में आरव वीरपुरिया और तन्मय अग्रवाल तथा अंडर-19 बालक वर्ग में सुमित सैनी, नवीन और सचिन चौधरी का चयन हुआ है। मथुरा की टीम बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस कोच तथा जवाहर विद्यालय इंटर कॉलेज के शिक्षक विनोद पाल के नेतृत्व में आगरा गई थी।
डीआईओएस राघवेंद्र सिंह, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी आजाद सिंह, ओलंपिक संघ सचिव महेंद्र सिंह राजपूत, एथलेटिक संघ सचिव जय सिंह, फुटबॉल संघ सचिव डॉ. दलबीर सिंह कौन्तेय, माध्यमिक शिक्षा के क्रीड़ा प्रभारी राहुल शर्मा, सह प्रभारी रूबी पवार ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।