मथुरा। डीएम नवनीत सिंह चहल ने सभी संबंधित अधिकारियों को 25 और 26 मई को नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान तथा ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाए जाने संबंधी निर्देश दिए हैं। डीएम ने बताया है कि प्रधानों एवं सदस्यों को शपथ ग्रहण स्थल, तिथि तथा पर्याप्त से पूर्व सूचना अवश्य दे दी जाए तथा कोविड के नियमों को ध्यान में रखते हुए शपथ ग्रहण वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सामुदायिक भवन अथवा ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित कॉमन सर्विस सेंटर पर होगी।
शपथ ग्रहण के पश्चात हस्ताक्षरयुक्त शपथ पत्रों की जांच करके ग्राम पंचायत के प्रधानों के शपथ पत्र जिला पंचायतराज अधिकारी के पास तथा ग्राम पंचायतों के सदस्यों के शपथ पत्र खंड विकास अधिकारी के पास सुरक्षित रखने के लिए सौंप दिए जाएंगे। शपथ ग्रहण के बाद खंड विकास अधिकारी अपने हस्ताक्षर से 27 मई की दोपहर तक जिला पंचायतराज अधिकारी कार्यालय मथुरा में यह प्रमाणपत्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। समस्त ग्राम पंचायतों की प्रथम बैठक 27 मई को आहूत होगी। डीएम ने बताया कि बैठक के एजेंडा के संबंध भी जानकारी दी गई है।