मथुरा। पति के साथ रिश्तेदारी में आई एक दिव्यांग महिला के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। पीड़िता जब इसकी शिकायत करने थाने पहुंची तो वहां से उसे फटकारकर भगा दिया गया। पीड़िता ने शुक्रवार को एसएसपी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की तो थाना गोविंदनगर पुलिस ने देर न करते हुए मामला दर्ज कर लिया।
हरियाणा के फरीदाबाद के पास रहने वाली एक महिला गत 25 मार्च को पति के साथ गोविंदनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में जेठ के चालीसवें में शामिल होने आई थी। रात लगभग 8 बजे भाई के साथ हाईवे थाना क्षेत्र के एक गांव में चली गई। पीड़िता का आरोप है कि दूसरे जेठ ने उसे फोन पर यह कहकर बुलाया कि हम लोग फरीदाबाद जा रहे हैं, तुम जल्दी आ जाओ तो तुम्हें भी छोड़ देंगे। पीड़िता के मुताबिक रात लगभग 12 बजे वह कॉलोनी में पहुंची तो वहां पहले से मौजूद फारूख ने उसे कमरे में खींच लिया और इंतजार ने बाहर से कमरे की कुंडी लगा दी।
इस बीच फारूख ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने एसएसपी को बताया कि 26 मार्च को उसने थाने में लिखित तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने उसे डरा-धमकाकर भगा दिया। प्रभारी निरीक्षक एमपी चतुर्वेदी ने बताया कि उनके संज्ञान में पहले यह मामला नहीं था। शुक्रवार को जब उन्हें मालूम हुआ तो मुकदमा पंजीकृत कर पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है।