इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टैंड का निरीक्षण करते नगर आयुक्त अनुनय झा।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। मथुरा-वृंदावन में दीपावली से पहले 50 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ने लगेंगी। मेंटीनेंस डिपो चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। विद्युत निगम ने यहां अलग से विशेष केबल भी डाल दी है। जल निगम की सीएनडीएस शाखा ने चार्जिंग स्टेशन का निर्माण किया है। मथुरा-वृंदावन निगम के नगर आयुक्त अनुनय झा ने शनिवार को अधिकारियों के साथ इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए 100 शैया अस्पताल के पास तैयार हुए चार्जिंग स्टेशन के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
नगर आयुक्त ने बताया कि आगामी माह 10 अक्तूबर तक सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी। उद्घाटन के पश्चात उत्तर प्रदेश सरकार की 50 इलेक्ट्रिक बसें मथुरा आ जाएंगी। इन इलेक्ट्रिक बसों के आने के बाद वृंदावन में निजी वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित हो जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए मुख्य प्वाइंट पर इलेक्ट्रिक बस उपलब्ध रहेंगी। मथुरा के रेलवे और बस स्टैंड के अलावा विशेष मार्गों पर भी इन बसों को संचालित किया जाएगा।
परियोजना प्रबंधक सीएंडडीएस ने बताया कि योजना के तहत गार्ड रूम मेंटीनेंस शेड रिटेनिंग वॉल इलेक्ट्रिक सब स्टेशन बाउंड्रीवाल, पेवर रोड एवं सिविल कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं और विद्युत संयोजन की धनराशि विद्युत निगम ने हस्तांतरित कर दी है। अधिशासी अभियंता, विद्युत नगरीय वितरण खंड (द्वितीय) वृंदावन ने बताया कि बस चार्जिंग डिपो तक केबल बिछाने का कार्य कर दिया है।