मथुरा। जंक्शन तथा उसके आसपास होने वाली आपराधिक वारदातों को रोकने के लिए रेलवे जंक्शन से जुड़े ऑटो टैक्सी चालकों को पहचानपत्र देने का निर्णय लिया है। पहचानपत्र मिलने के बाद यह चालक वर्दी में भी दिखेंगे। इसके लिए जीआरपी द्वारा सभी टैक्सी-ऑटो चालकोें का वेरीफिकेशन किया जाएगा। इस वेरीफिकेशन के बाद डीआरएम कार्यालय से उन्हें पहचानपत्र दिए जाएंगे।
रेलवे स्टेशन मथुरा के आसपास कई दफा टैक्सी तथा ऑटो चालकों से जुड़ी आपराधिक वारदात हुईं, जिनमें वारदात का खुलासा करने में जीआरपी को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इस प्रकार की आपराधिक वारदातों से यात्रियों की सुरक्षा करने के लिए जीआरपी ने सभी ऑटो और टैक्सी चालकों को पहचान पत्र देने का निर्णय लिया है।
जंक्शन पर मौजूद करीब ६० टैक्सी चालक और २५० ऑटो चालकों का जीआरपी द्वारा जल्द ही वेरीफिकेशन प्रारंभ कर दिया जाएगा। डीआरएम कार्यालय से इन चालकों को पहचानपत्र जारी किए जाएंगे। साथ ही चालकों को वर्दी में रहने के लिए निर्देश दिए जाएंगे। बिना वर्दी के चालक टैक्सी या ऑटो नहीं चला सकेगा। जीआरपी निरीक्षक संजय खरवार ने बताया कि हम जल्द ही चालकों का सत्यापन प्रारंभ करेंगे।
चालकों में मची हलचल
रेलवे स्टेशन पर टैक्सी और ऑटो चलाने वाले चालक अक्सर बदलते भी रहते हैं। इस दौरान कुछ ऐसे चालक भी वहां पर आ जाते हैं जिनका आपराधिक रिकॉर्ड भी है। रेलवे के इस निर्णय से वह परेशान हो उठे हैं।