वृंदावन। मथुरा दरवाजा पुलिस चौकी क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है। नाबालिग किशोरी ने अपने ही रिश्तेदारों पर डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने न्याय के लिए कोतवाली के चक्कर लगा रही है। वह जल्द ही एसएसपी से न्याय की गुहार लगाएगी।
मूल रूप से मध्य प्रदेश के पन्ना की रहने वाली और वर्तमान में नगर के मथुरा दरवाजा पुलिस चौकी क्षेत्र में रहकर साफ-सफाई का काम करने वाली पीड़िता की मां ने 21 जून को कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी पिछले कुछ दिनों से काफी गुमसुम और मानसिक तनाव में रह रही थी। स्वास्थ्य बिगड़ने पर जब मां ने सख्ती से पूछा तो 20 जून की शाम को किशोरी ने रोते आपबीती सुनाई। उसने आरोप लगाया कि जब मां-पिता मजदूरी पर चले जाते तो मध्यप्रदेश के सतना के रहने वाले रिश्ते के मौसेरे भाई और मामा जनवरी माह में घर में घुस आते थे। वह छोटे बहन-भाईयों को घर से बाहर भेज देते। इसके बाद दोनों शारीरिक संबंध बनाते थे। आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी भी देते थे। घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार भयभीत है।
मां पीड़िता को लेकर देर कोतवाली पहुंची। 21 जून को रिश्ते के मौसेरे भाई और मामा के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज हुए एक माह बीत चुका है, लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। पीड़िता की मां ने कहा कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उनके छोटे बच्चे हैं। मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। कभी भी अनहोनी हो सकती है। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए कई बार कोतवाली गई, लेकिन संतुष्टिपरक जवाब नहीं मिला। वह जल्द ही एसएसपी कार्यालय जाकर नाबालिग बेटी को न्याय दिलाने की गुहार लगाएगी। सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके लिए टीम गठित की है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।