मथुरा। लोक सेवा आयोग की परीक्षा में आए मैचिंग वर्ड (सुमेलित शब्द) प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को खूब उलझाया। प्रश्नों के उत्तर खोजने में समय तो लगा ही, उनके सही उत्तर चुनने में ज्यादातर परीक्षार्थियों के पसीने छूट गए। रविवार को यूपीपीएससी के तीन पदों के लिए परीक्षा हुई। दो पालियों में हुई परीक्षा में 58.2 प्रतिशत परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। हालांकि दूसरी पाली के पेपर में ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
जिले के कुल 25 परीक्षा केंद्रों पर 10,896 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में 6,339 और दूसरी पाली में 6,374 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह 58.5 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल ही नहीं हुए। परीक्षार्थियों ने बताया कि सामान्य अध्ययन का पेपर संतुलित था, लेकिन हिंदी और अंग्रेजी के सेक्शन में मैचिंग वर्ड और कॉम्बिनेशन टाइप प्रश्नों ने समय अधिक लिया। वहीं, जीएस में करंट अफेयर्स और भूगोल के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान रहे।
खुलवा दिए जूड़े, उतरवा दिए जूते चप्पल
परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इस बार आयोग ने परीक्षा निगरानी के लिए एआई तकनीक से लैस कैमरे भी लगाए थे। केंद्रों पर प्रवेश देने से पहले अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई। जूते-चप्पल और मौजे तक उतरवाकर देखे गए। इसके अलावा महिलाओं के जूड़े और बाल खुलवाकर चेकिंग की गई।
मैंने दूसरी बार पीसीएस की परीक्षा दी है। इतिहास और राजनीति शास्त्र से जुड़े प्रश्न कोई खास नहीं थे। मगर अर्थशास्त्र से जुड़े प्रश्नों ने परेशान किया।
आकाश, अलीगढ़
-
जीएस के प्रश्न कठिन थे। करंट अफेयर्स के प्रश्नों की संख्या ज्यादा थी। इसके अलावा मैचिंग में आए चार विकल्पों ने परेशान किया।
प्रियंका, आगरा
-
पेपर उतना कठिन नहीं था, लेकिन मैचिंग वाले सवालों ने दिमाग घुमा दिया। पिछले साल के मुकाबले इस बार भाषा वाले प्रश्न अधिक पेचीदा थे।
कमल कुमार, अलीगढ़
यह मेरा चौथा प्रयास था। मैचिंग वाले सवालों में चारों विकल्प पता होने पर ही उन्हें ठीक किया जा सकता था, लेकिन पिछली बार आए पेपर में ऐसा नहीं था। पूजा शर्मा, आगरा