मथुरा। औरंगाबाद क्षेत्र में दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यापारी से नकाबपोश बदमाश 30 हजार रुपये से भरा बैग छीनकर भाग गए। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद हो गई। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के औरंगाबाद निवासी रमेश की घर के पास ही किराने की दुकान है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात 11:30 बजे बेटा हरीशचंद्र व वंशीधर दुकान बंद कर घर आ रहे थे। इस दौरान रास्ते में एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश आ गए। वह छीनाझपटी करने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। जबरन पैसों से भरा बैग छीनकर भाग गए।
उन्होंने बताया है कि बैग में 30 हजार रुपये की नकदी और कुछ जरूरी दस्तावेज थे। वंशीधर ने शोर मचाया और बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आए। मौके पर भीड़ जुट गई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो वारदात का वीडियो मिल गया। सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की शिनाख्त कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।