मथुरा के थाना महावन क्षेत्र के खानपुर चौराहा से नगला लोका मार्ग पर शनिवार की रात को नकाबपोश बदमाशों ने नौकरी से घर लौट रहे युवक से बाइक लूट ली। युवक किसी तरह बदमाशों के चंगुल से भाग कर गांव पहुंचा। यहां परिजन को बताया तो परिजन और ग्रामीणों ने बदमाशों को काफी खोजा, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव नगला लोका निवासी रामकुमार मथुरा में एक मोबाइल सर्विस सेंटर में नौकरी करते हैं। रोजाना की तरह शनिवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे वह बाइक से गांव के लिए चले। वह खानपुर चौराहे से नगला लोका मार्ग पर पहुंचे ही थे कि अचानक नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। जैसे ही उनकी बाइक रोकी बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। बदमाशों ने बाइक और मोबाइल लूट लिया। वह जैसे-तैसे भागकर गांव में पहुंचे।
पीड़ित ने महावन थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ महावन धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि युवक से बदमाशों का हुलिया की जानकारी के बाद आसपास के पुराने बदमाशों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।