विवाहिता के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल से फरीदाबाद के निजी अस्पताल के लिए रेफर करवाया। फरीदाबाद ले जाते वक्त रास्ते में ही पूजा ने दम तोड़ दिया।
मथुरा के छाता कस्बे के गांव तरौली में विवाहिता को तीन दिन पहले बुरी तरह पीटा गया था। मंगलवार की रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने विवाहिता की पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
थाना हाईवे धन गांव निवासी मलखान सिंह ने बताया कि उनकी बेटी पूजा (25) की शादी थाना छाता के तरौली निवासी रवि उर्फ भगत सिंह पुत्र मोहन सिंह के साथ वर्ष 2019 में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और अन्य ससुरालीजन उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करते थे। कई बार हम लोगों ने समझाया बुझाया लेकिन वह नहीं माने और पति शराब पीकर पूजा की पिटाई करता था।
12 अक्तूबर को पूजा को बुरी तरह पीटा, घायल होने के बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने बेटी को निजी अस्पताल से फरीदाबाद के निजी अस्पताल के लिए रेफर करवाया। फरीदाबाद ले जाते वक्त रास्ते में ही पूजा ने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
मौत की खबर के बाद मायके पक्ष के दर्जनों लोग धनगांव से छाता कोतवाली शव को लेकर पहुंचे। घटना की तहरीर कोतवाली में दी। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। सीओ छाता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।