कोसीकलां। एसटीएफ औैर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रायपुर (छत्तीसगढ़) से फरीदाबाद तक कंटेनर में छिपाकर ले जाया जा रहा 195 किलोग्राम गांजा पकड़ लिया। पकड़े गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी जा रही है। चालक को पकड़ लिया है।
सीओ भूषण वर्मा ने बताया कि सूचना मिली कि रायपुर से गांजा एक कंटेनर के जरिए मथुरा होते हुए फरीदाबाद जा रहा है। कोसीकलां थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल, एसटीएफ निरीक्षक आकाश सिंह के नेतृत्व में टीम ने कंटेनर को पकड़ने के लिए चेकिंग शुरू कर दी। रविवार रात कोसी-कामर मार्ग पर टीम द्वारा बेरिकेडिंग लगाकर कंटेनर को रोकने का प्रयास किया, कंटेनर में बैठे आरोपी कन्हैया लाल ने कूदकर भागने की कोशिश की तो पीछा कर उसे पकड़ लिया।
आरोपी ने अपना नाम-पता अलीगढ़, खैर मालीपुरा निवासी कन्हैया बताया। बताया कि वह चालक है, मालिक अलीगढ निवासी है। आरोपी ने खुलासा किया कि गाड़ी में रायपुर से अन्य सामान की आड़ में गांजा रखवाया गया था। हर चक्कर पर उसे 30,000 रुपये मिलते थे। बताया कि करीब 2 कुंतल गांजा उसने ग्वालियर में उतारा और बाकी का माल फरीदाबाद लेकर जाना था। आरोपी के कब्जे से 195 किलोग्राम गांजा, मोबाइल, 2480 रुपये बरामद किए हैं।